हैट्रिक के बाद दिल्ली पहुंचे
विधायक गोविंद ठाकुर
कुल्लू जिला से हैं मंत्री पद के प्रबल दावेदार
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विधानसभा क्षेत्र मनाली से लगातार तीसरी बार भाजपा के टिकट पर हैट्रिक लगाने वाले विधायक गोविंद सिंह ठाकुर दिल्ली पहुंच गए हैं। गोविंद ठाकुर के मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनावों में गोविंद ठाकुर भाजपा के टिकट पर कुल्लू से पहली बार बीएसपी के धर्मवीर धामी को हराकर विजयी हुए।
उसके बाद मनाली विधानसभा क्षेत्र बनने के बाद 2012 में फिर कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ को पराजित कर दूसरी बार विधायक बने। अब 2017 के विधान सभा चुनावों में मनाली से कांग्रेसी प्रत्याशी हरिचंद शर्मा को पराजित कर अपनी हैट्रिक लगा दी है। गोविंद ठाकुर के मंत्री बनने से पर्यटन नगरी मनाली में पार्किंग, सीवरेज, चिकित्सा समस्याओं को भी हल करने में आसानी होगी। जीत के बाद सिराज के विधायक जय राम के साथ मनाली विधानसभा के नव निर्वाचित विधायक गोविंद सिंह ठाकुर भी दिल्ली के लिए रवाना हुए। परिणाम घोषित होने के मात्र एक घंटे के पश्चात ही गोविंद सिंह ठाकुर मंडी के लिए रवाना हुए। गोविंद ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। जिससे समर्थकों में खुशी की लहर है।