मूलभूत सुविधाओं से वंचित ग्रामीण
शाक्टी, मरौड़ और शुगाड़ के लोगों ने लगाई गुहार
सड़क निर्माण को लेकर एडीसी से मिले ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूली (कुुल्लू)। दुर्गम पंचायत गाड़ापारली के गांव शाक्टी, मरौड़ तथा शुगाड़ गांव के लिए सड़क का निर्माण नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीण अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू राकेश शर्मा से मिले। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उनके गांव आजादी के 70 सालों के बाद भी सड़क सुविधा से वंचित है। ऐसे में उपरोक्त गांव के लोगों के 25 किलोमीटर पैदल चलकर अपने गंतव्य पहुंचना पड़ता है।
ग्रामीण हीरा सिंह, लगन चंद, डोला राम, रोशन लाल, मोती लाल, नीरत राम, शेर सिंह तीर्थ राम तथा प्रकाश ने कहा कि सड़क के अलावा क्षेत्र की अन्य समस्या को भी रखा। इन गांव के लोगों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए कोई भी डिस्पेंसरी नहीं है और ग्रामीणों को उपचार के लिए सैंज आना पड़ता है। प्राइमरी स्कूल शाक्टी में एक ही अध्यापक हैं और यहां 25 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में एक अध्यापक के सहारे बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। एकमात्र शिक्षक बच्चों को पढ़ाए या फिर स्कूल का काम देखें।
उन्होंने कहा कि न्यूली से मरौड़ को निकाला गया पैदल रास्ता भी खस्ताहालत में है और यहां कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में इसे रास्ते को भी आगामी बरसात से पहले मरम्मत की गुहार की है। उपरोक्त तीनों गांव में बिजली नहीं होने पर ग्रामीणों के बच्चों को पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में बिजली उपलब्ध न होने तक जिला प्रशासन से सोलर लाइट का प्रावधान करने की मांग की है। उन्होंने बिजली एडीसी ने ग्रामीणों की समस्याओं पर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।