कुल्लू। दीपों के पर्व दिवाली को लेकर जिला कुल्लू में बाजार दुल्हन की तरह सज गए हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत का यह पर्व वीरवार को कुल्लू जिला में धूमधाम से मनाया जाएगा। कुल्लू शहर, मनाली, भुंतर, बंजार, सैंज, आनी और निरमंड आदि क्षेत्रों में दिवाली के दिन इष्ट देवताओं की पूजा के बाद एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी जाएंगी। दुकानदार भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं। दिवाली की पूर्व संध्या पर कुल्लू, मनाली, बंजार व अन्य स्थानों पर मिठाई, मिट्टी के दीये, इलेक्ट्रानिक्स और ज्वैलरी की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। पटाखे कुल्लू शहर के रथ मैदान तथा अन्य सामान सरवरी, अखाड़ा, भुंतर की दुकानों में मिलेगा। वहीं दिवाली की पूर्व संध्या पर बाजार में भीड़ उमड़ी।
ढालपुर में सजी अस्थायी मार्केट, लोअर ढालपुर, अखाड़ा बाजार और भुंतर के बाजारों में लोगों ने दीवाली के लिए सामान खरीदा। शहरवासी अमित कुमार, राजकुमार, नयन प्रकाश ठाकुर, तेजेंद्र, सुशील शर्मा, प्रवीण कुमार और मोती लाल ने कहा कि जिला कुल्लू में दीपावली के मौके पर सबसे पहले इष्ट देवताओं की पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद एक दूसरे को पर्व की बधाई दी जाएगी। पटाखे जलाने से लोगों को परहेज करना चाहिए। इधर आगजनी की घटनाओं पर शिकंजा कसने के लिए अग्रिशमन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। आग की किसी भी स्थिति पर निपटने के लिए विभाग के अग्रिशमन वाहन और कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। कुल्लू, मनाली और लारजी में तैनात फायर कर्मचारी हर पल मुस्तैद रहेंगे। बाजार में दीवाली की रौनक देखते ही बन रही है।