कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित कुल्लू महाविद्यालय में बुधवार को अमर उजाला की ओर से भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के करीब 40 सरकारी और निजी स्कूलों के नौवीं, दसवीं, जमा एक और जमा दो कक्षा के 400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम कुल्लू निशांत ठाकुर, विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और कुल्लू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को न केवल सम्मान मिला, बल्कि अधिकारियों और शिक्षाविदों ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, लक्ष्य तय करने और निरंतर मेहनत करने का संदेश भी दिया।
एसडीएम निशांत ठाकुर ने विद्यार्थियों से कहा कि अब केवल नंबरों की दौड़ में शामिल होने के बजाय अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर सीखते रहना, मेहनत करना और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने, उनका कहना मानने और नशे से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
कुल्लू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों से भरे कॉलेज हाल को देखकर वह गदगद हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थी ही देश, प्रदेश और समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी।
कार्यक्रम में क्वांटम वर्ल्ड स्कूल मौहल कुल्लू मुख्य सहयोगी रहा। इसके अलावा आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी बद्दी, बाहरा यूनिवर्सिटी वाकनाघाट सोलन, विनायक ग्रुप ऑफ कॉलेज गड़सा और क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज कुल्लू ने भी सहयोग दिया।
मेहमानों ने बढ़ाया हौसला
समारोह में बाहरा यूनिवर्सिटी से अनुराग अवस्थी ने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है, तभी सफलता मिलती है। वहीं, इक्फाई यूनिवर्सिटी केे कृष्ण नेलवाल ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सफल होना जरूरी है।क्वांटम वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल प्रेरणा सिंह ने विद्यार्थियों को आने वाले भविष्य में अच्छे नंबर लेकर मेरिट लिस्ट में आने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा विनायक ग्रुप का कॉलेज से शिक्षक डॉ. रवि शंकर यादव और क्रिश्चियन कॉलेज प्रबंधक सुखदेव मसीह ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस तरह के सम्मान समारोह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है। -उर्वी, राजकीय उच्च पाठठशाला, खल्याणी
भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में आना बहुत अच्छा लगा है और एक साथ 400 मेधावियों की मौजूदगी में उत्साह बढ़ा है। -सुहाना,सीसे स्कूल,भुंतर।
सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ सम्मान मिलना गर्व की बात है। यह समारोह यादगार बन गया है। -प्रियंका, पनगां स्कूल
कार्यक्रम ने भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और भी कड़ी मेहनत करेंगे। -संजना, राजकीय उच्च पाठशाला, ज्येष्ठा
भविष्य ज्योति सम्मान पाकर बहुत खुश हूं। इससे आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिली है। -गिरीराज, बागन स्कूल