कुल्लू-मनाली हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया है।-संवाद
अभी भी निकलने के इंतजार में तेलिंग और पागलनाला के बीच फंसे 120 मुसाफिर
बुजुर्ग और बच्चे शामिल, एक बीमार लड़की भी फंसी, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
उपायुक्त किरण और डीएसपी रश्मि हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। मनाली-लेह हाईवे पर तेलिंग और पागलनाला के बीच करीब 350 वाहन फंस गए हैं। इनमें 120 लोग निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
इनमें कुछ बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं और एक लड़की बीमार हैं। प्रशासन ने अब तक 41 यात्रियों को रेस्क्यू कर सिस्सू पहुंचाया है। हालात का जायजा लेने के लिए खुद उपायुक्त और डीएसपी मौके पर रवाना हो चुके हैं। नेटवर्क और बिजली ठप होने के चलते राहत कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं। मनाली-लेह, उदयपुर-किलाड, कोकसर-लोसर और दारचा-शिंकुला सड़क बंद है। बाढ़ आने से मनाली-लेह सड़क पर तेलिंग और पागल नाला के बीच लगभग 350 वाहन फंसे हैं। इनमें छोटे और बड़े वाहन शामिल हैं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि वह स्वयं भी डीएसपी रश्मि शर्मा के साथ सिस्सू की तरफ हालत का जायजा लेने निकली हैं। फंसे लोगों के लिए पैक भोजन की व्यवस्था की जा रही है जबकि इस आपदा से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के साथ आपात बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि लाहौल में पिछले 15 घंटों से बिजली और नेटवर्क ठप हो गया है। लिहाजा राहत कार्यों को अंजाम देने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने मौसम साफ होने तक एडवाइजरी जारी कर किसी भी यात्रा से बचने की अपील की है।