साबा रेस्टोरेंट से ओल्ड मनाली के क्लब हाउस तक, विधायक गौड़ ने किया शुभारंभ
1800 मीटर लंबी सड़क और मनालसु नदी पर 80 मीटर लंबा पुल बनेगा
संवाद न्यूज एंजेसी
मनाली। क्षेत्रवासियों को बाईपास सड़क की सौगात मिल गई है। साबा रेस्टोरेंट से ओल्ड मनाली के क्लब हाउस तक 32 करोड़ से बनने वाली बाईपास सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने सोमवार को इसका भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस सड़क के बनने से पर्यटन नगरी में पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। बाईपास मार्ग के अलावा मनालसु नाले में पुल भी बनेगा। यह सड़क 1800 मीटर लंबी होगी और मनालसु नदी पर 80 मीटर पुल का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने के बाद मनाली की सड़कों से वाहनों का आधा बोझ घट जाएगा। हिडिंबा मंदिर, मनु मंदिर मार्ग पर जाम से फंसने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग आसानी से बाजार पहुंच सकेंगे। साथ ही सिस्सू, अटल टनल और सोलंगनाला के लिए भी यह अतिरिक्त मार्ग होगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बन जाने से हिडिंबा मंदिर से लेकर सोलंगनाला तक हजारों की आबादी को लाभ मिलेगा। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि बरसात में बाढ़ व बारिश से मनाली विधानसभा क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। सरकार ने तीव्र गति से राहत कार्यों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हालत और बेहतर होंगे। इस दौरान मनाली एसडीएम रमण कुमार शर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा सहित ग्रामीण मौजूद रहे।