अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी से घाटी में बंद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवाएं एक सप्ताह बाद सोमवार से फिर शुरू होगी। रविवार को निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने टीम के साथ केलांग-उदयपुर सड़क का जायजा लिया। बताया कि सोमवार से केलांग-दारचा, केलांग-कोकसर और केलांग-उदयपुर के बीच निगम की नियमित बस सेवा शुरू होगी।
पिछले 22 से 24 सितंबर तक हुई बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा समेत घाटी के भीतर सभी सड़कें अवरुद्ध हो गई थी। इससे निगम को अपनी बस सेवाओं को भी बंद करना पड़ा। बताया कि सड़कों के निरीक्षण के बाद त्रिलोकनाथ, तिंदी और मयाड़ इलाके में भी जल्द बस सेवा को आरंभ कर दिया जाएगा। बस सेवाएं बंद होने से लोगों को अधिक किराया खर्च कर टैक्सियों से मंहगा सफर करना पड़ रहा था। हालांकि उदयपुर-केलांग सड़क के बीच बर्फबारी के कारण कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां झुकी हैं। इससे बसों के संचालन में थोड़ी दिक्कत पेश आ रही है। मनेपा ने केलांग-उदयपुर सड़क से लगते ग्रामीणों से इन टहनियों को काटने की अपील की है।