प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत से देश के लगभग 10 करोड़ परिवारों को सरकारी व निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। अब किसी भी गरीब को इलाज के लिए पैसे की चिंता नहीं होगी। रविवार को बचत भवन में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शुभारंभ पर जिला स्तरीय कार्यक्रम की वन, परिवहन एवं युवा सेवाएं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि इस योजना से कुल्लू जिला के 25,996 परिवार भी लाभान्वित होंगे।
गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश के 175 सरकारी व निजी अस्पतालों को इस योजना के दायरे में लाया गया है। इनमें लगभग 22 लाख लोगों का निशुल्क इलाज सुनिश्चित होगा। इनमें 1300 से अधिक बीमारियों पर पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। पीएमजय की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 14555 भी जारी किया गया है।
इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति पीएमजय की जानकारी प्राप्त कर सकता है। जिला स्तरीय समारोह के दौरान झारखंड की राजधानी रांची से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कुल्लू जिलावासियों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की बधाई दी।
वन मंत्री ने इस योजना के लाभार्थियों को ई कार्ड भी वितरित किए। इस दौरान आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिलाधीश यूनुस, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, एपीएमसी के नवनियुक्त अध्यक्ष अमर ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र, भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।