अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के नगर परिषद के वार्ड नंबर-11 के भागासिद्ध इलाके में पिछले चार दिनों से पेयजल सप्लाई ठप है। पेयजल के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। इलाके के लोगों ने सोमवार को आईपीएच विभाग कुल्लू के अधीक्षण अभियंता से मिले और समस्या से अवगत करवाया।
वार्ड 11 के करीब 32 से 35 घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप होने से लोगों को आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। बालक राम ठाकुर, रमेश बनियाल, एडवोकेट तेजा ठाकुर, मिंटू गुप्ता, केशु ठाकुर, ईशान शर्मा, गंभीर सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में जिला मुख्यालय के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने कई बार आईपीएच विभाग को शिकायत की है। इसके बावजूद उनके नल में पानी नहीं आया है। बालक राम व एडवोकेट तेजा ठाकुर ने कहा कि सोमवार को आईपीएच विभाग को समस्या से अवगत करवाया है। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। विभाग के अधीक्षण अभियंता देवेश शर्मा ने कहा कि उनके पास कुछ लोग आए थे। शहर की नई पेयजल योजना को लेकर इन दिनों टेस्टिंग का कार्य चल रहा है। ऐसे में कुछ दिक्कत सामने आई थी। लेकिन अब पानी की सप्लाई को शुरू कर दिया है।