अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। ट्रकों की देश व्यापी हड़ताल से कुल्लू में भी शुक्रवार को करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है। जिला कुल्लू की ट्रक ऑपरेटर यूनियन में करीब 500 ट्रक ढुलाई करते हैं। ये ट्रक भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि देश व्यापी हड़ताल से करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसके चलते सीमेंट, सरिया और राशन आदि की सप्लाई नहीं हो सकी।
कुल्लू ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान होमिंद्र महंत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। डीजल व इंश्योरेंस 45000 हजार रुपये तक भरने पड़ रहे हैं। ग्रीन टैक्स और बैरियर टैक्स भी हजारों में अदा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल से रोजमर्रा की जरूरतों का समान नहीं रुकेगा। बंदरोल सब्जी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने बताया कि फल और सब्जियों को रोजमर्रा की श्रेणी में रखने से आवाजाही पर कोई रोक न होने से सब्जी मंडी में फिलहाल आंशिक प्रभाव देखने को मिला है। बागवान अरुण ठाकुर, चंदे राम ठाकुर, अशोक ठाकुर, देवराज नेगी, अमित, नवीन, अखिल राणा, प्रताप ठाकुर, सोभा राम, अनूप, चमन ठाकुर व सुरेश ठाकुर आदि ने कहा कि नाशपाती, टमाटर और सब्जियों को रोजमर्रा के सामान में रखने से थोड़ी राहत है। लेकिन हड़ताल ज्यादा दिन चलने से किसानों व बागवानों को नुकसान झेलना पड़ सकता है। फलोत्पादक संघ कुल्लू के अध्यक्ष राजगीर महंत और सदर कुल्लू फल एवं सब्जी उत्पादक संगठन के अध्यक्ष लाल चंद ठाकुर ने कहा कि नाशपाती, टमाटर और सब्जी की आवाजाही हो रही है। लेकिन आगामी सेब सीजन तक हड़ताल चलने से स्थिति गंभीर हो सकती है। लिहाजा सरकार को इस ओर जल्दी से गंभीरता से बातचीत ऑपरेटरों की यूनियन से करनी चाहिए।