बस टिकटों की हो रही ब्लैक मार्केटिंग
रोकने में पुलिस-परिवहन के हाथ खड़े
रोहतांग को ऑनलाइन टिकट मिलने से दलाल हो रहे मालामाल
इलेक्ट्रिक बसों के टिकट के वसूले जा रहे मनमाने दाम
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के दर्शनीय स्थल रोहतांग के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बसों के टिकट मनाली में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। लेकिन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश पर एचआरटीसी की ओर से शुरू की गई इलेक्ट्रिक बसों के टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
एचआरटीसी के आरएम डीके नारंग का कहना है कि विभाग के पास इस धांधली पर रोक लगाने के लिए कोई फुलप्रूफ तकनीक नहीं है। सभी टिकट ऑनलाइन मिल रहे हैं। लिहाजा शर्तें पूरी करने पर कोई भी इन टिकटों को ऑनलाइन निकाल सकता है। महिला के टिकट पर पुरूष तो पुरूष के टिकट पर महिला सफर करती मिल रही है। गड़बड़ी सामने आने पर विभाग ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंप दिया है। वहीं डीसपी मनाली शेर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है लेकिन एचआरटीसी को अपने स्तर पर भी को समस्या का हल खोजने का प्रयास करना चाहिए। मनाली में इन दिनों पर्यटन सीजन पीक पर चल रहा है। यहां आने वाले हर सैलानी की तमन्ना पहाड़ियों पर बर्फ देखने-छूने की रहती है। पर्यटकों की इस हसरत को रोहतांग दर्रा दशकों से पूरा करता आ रहा है लेकिन सैलानियों को छह सौ रुपये का टिकेट ब्लैक में दो से तीन हजार में बेचकर दलाल चांदी कूट रहे हैं। प्रशासन इस संबंध में कुछ नहीं कर पा रहा है।