सरवरी नदी पर पावर प्रोजेक्ट से मालामाल होगी नप
नप कुल्लू को पावर प्रोजेक्ट से रोजाना होगी एक लाख आय
वर्तमान में नप की आय 20 लाख और खर्चा है 35 लाख
बलदेव राज
कुल्लू। जिला मुख्यालय में सरवरी खड्ड पर प्रस्तावित नगर परिषद कुल्लू का पावर प्रोजेक्ट जल्द शुरू किया जाएगा। पीपीपी मोड पर शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट को इसी वर्ष शुरू करने की योजना है। इस प्रोजेक्ट से नगर परिषद के दिन बदलने की उम्मीद है।
नप कुल्लू इस प्रोजेक्ट्स से रोजाना एक लाख रुपये की आय होगी। सीमित आय साधनों वाली नगर परिषद के लिए यह पावर प्रोजेक्ट बेहद अहम होगा। नगर परिषद कुल्लू को वर्तमान में अपने कर्मचारियों की वेतन निकालने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। डोर टू डोर स्कीम, कर्मचारियों का वेतन व अन्य खर्चों को मिलाकर नगर परिषद को प्रतिमाह 35 लाख का भुगतान करना पड़ता है। वहीं नगर परिषद की आय हाउस टैक्स, तहबाजारी के तहत लिए जाने वाले शुल्क आदि साधनों को मिलाकर करीब 20 लाख ही पहुंच पा रही है। ऐसे में सरवरी नदी पर बनने वाला यह पावर प्रोजेक्ट नगर परिषद के काफी फायेदमंद साबित होगा। इससे न केवल नगर परिषद की आय बढ़ेगी बल्कि नगर परिषद शहर में अधिक विकास कार्यों को भी अंजाम दे सकेगी। पावर प्रोजेक्ट के लिए नगर परिषद पिछले कुछ समय से प्रयास कर रही है। इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए नप अधिकारी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। जिससे जल्द से जल्द नप की व्यवस्था सुधर सके।
उधर, नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि नगर परिषद कुल्लू के प्रस्तावित पावर प्रोजेक्ट को इसी वर्ष शुरू किया जाएगा। पीपीपी मोड पर चलाए जाने वाले इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए प्राइवेट कंपनी को दिया है। इसके लिए टेंडर और पैसा जमा कर दिया गया है। दो महीनों के बाद इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है। पावर प्रोजेक्ट के बनने से नगर परिषद कुल्लू को रोजाना एक लाख आय होगी। इससे कुल्लू शहर का विकास और तेज गति से हो सकेगा।