402 पोलियो बूथ स्थापित, 807 टीमें संभालेंगी मोर्चा
वैक्सीन की गुणवत्ता के लिए कोल्ड चेन के इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में कोई बच्चा पोलियो का शिकार न हो, इसके लिए 21 दिसंबर को शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
कुल्लू में 30,183 बच्चों को दवा पिलाने के लिए 402 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। 807 टीमों को हजारों बच्चों तक पहुंच बनाकर उन्हें दवा पिलाने का जिम्मा सौंपा है। इनमें चार मोबाइल टीमें भी शामिल हैं। ये टीमें दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देंगी। बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों के लिए दस ट्रांजिट पॉइंट बनाए गए हैं।
वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन का पुख्ता इंतजाम किया गया है। जिले में 27 आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) और 26 डीप फ्रीजर कार्यशील हैं। वैक्सीन को बूथों तक पहुंचाने के लिए 738 वैक्सीन करियर और पर्याप्त संख्या में आइस पैक्स की व्यवस्था की गई है।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों जरी, नग्गर, आनी बंजार और निरमंड 30,183 बच्चों को पोलियो दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
क्या होता है आईएलआर
आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण हैं। इन्हें टीकों, दवाओं, रक्त और अंगों के लिए स्थिर, ठंडे तापमान को बनाए रखने के लिए उपयोग किया जाता है। इससे बिजली कटौती के दौरान भी यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोल्ड चेन निर्बाध रहे। विशेषकर दुर्गम क्षेत्रों में दवा, टीका या रक्त के खराब होने से बचाव होता है। तापमान के प्रति संवेदनशील स्वास्थ्य सामग्री की प्रभावशीलता को संरक्षित करके किसी का जीवन बचाया जा सकता है।