शून्य से पांच साल तक बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के लिए स्थापित किए 402 बूथ
43,100 ओरल पोलियो वैक्सीन खुराक और 2,155 वायल की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में 21 दिसंबर को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। आनी, बंजार, जरी, नग्गर, निरमंड और कुल्लू शहर में शून्य से पांच वर्ष से कम आयु के 30,183 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए विभाग ने 43,100 ओरल पोलियो वैक्सीन खुराक और 2,155 वायल की व्यवस्था कर ली है। जिले भर में शून्य से पांच साल तक के हजारों बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 402 बूथ स्थापित किए गए हैं। बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों के लिए 10 ट्रांजिट पॉइंट भी बनाए गए हैं। दुर्गम क्षेत्रों के लिए चार मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। योजना की निगरानी के लिए 94 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। ये सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों में स्थापित 402 बूथों में शून्य से पांच साल तक के 30,183 बच्चों को जिंदगी की दो बूंद पिलाई जाएगी। इसके लिए 43,100 ओरल पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।