कुल्लू। कोरोना के बीच जिले में वन माफिया सक्रिय हो गया है। कुल्लू के जंगल में अवैध कटान के मामले सामने आ रहे हैं। वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान भुईन की नरैश वन बीट में देवदार और कायल के 30 स्लीपर पकड़े हैं।
हालांकि यह अवैध कटान किसने किया है, इसका अभी पता नहीं लग पाया है। विभाग ने जंगल में काटे स्लीपर अपने कब्जे में लिए हैं। इनकी कीमत करीब 1.99 लाख रुपये है। विभागीय टीम अवैध कटान में संलिप्त आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह साढ़े सात बजे वन विभाग के कर्मी नरैश बीट के मासू जंगल में गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें झाड़ियों में कुछ स्लीपर दिखे। छानबीन करने पर आसपास के क्षेत्रों से कायल के 18 और देवदार के 12 स्लीपर मिले। वन विभाग ने स्लीपर अपने कब्जे में लेकर जंगल में तलाशी अभियान का कार्य शुरू कर दिया है। उधर, वन खंड उप अधिकारी भुईन अहल्या देवी ने कहा कि विभागीय कर्मियों को गश्त के दौरान मासू जंगल में देवदार और कायल के स्लीपर मिले हैं। स्लीपर कब्जे में लेकर अवैध कटान करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू की गई है। लकड़ी की तस्करी में संलिप्त आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।