प्रधान से पंच तक के बैलेट पेपर अब लिफाफे में सीलबंद
पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारियों को सौंपे जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत चुनाव ड्यूटी में तैनात 248 अधिकारियों और कर्मचारियों ने 21 मई को पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान किया। रिटर्निंग अधिकारी पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी लाहौल डॉ. विवेक गुलेरिया ने बताया कि विकास खंड लाहौल के अंतर्गत सेक्टर अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, पुलिस सहित अन्य कर्मचारियों ने इस सुविधा का लाभ लिया। लाहौल खंड की 34 पंचायतों में 170 मतदान केंद्रों के लिए करीब 360 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह व्यवस्था केवल उन कर्मियों के लिए थी, जो लाहौल के मतदाता हैं।
डॉ. विवेक गुलेरिया ने बताया कि प्रधान से लेकर पंच तक के पदों के लिए डाले गए बैलेट पेपर सीलबंद लिफाफे में रखे गए हैं। ये लिफाफे जिस दिन पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी, उसी दिन संबंधित मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी के हवाले किए जाएंगे। पंच-प्रधान के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित होने हैं, इसलिए इन बैलेट पेपरों की गणना भी उसी दिन साथ की जाएगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए डाले गए बैलेट की गणना 31 मई को होगी। पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्वाचन नियमों के अनुसार संपन्न करवाई गई।