त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शनिवार को विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय के ढालपुर और शास्त्रीनगर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के 24 सैंपल भरे गए। सभी सैंपल जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
विभाग की टीम ने शक्करपारा, नारियल बर्फी, लड्डू, काला जामुन, मठरी, जलेबी, डोडा बर्फी, मिल्क केक, रेबड़ी बर्फी, काजू पतीसा, रसमलाई, खोया बर्फी, दूध और गुजिया के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की ओर से लगातार दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने की अपील की। संवाद