दस्तावेज लेकर 80 पहुंचे थे ट्रायल देने, तेज हवाओं ने डाला खलल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में साहसिक खेल गतिविधियों को पर्यटकों के लिए सुरक्षित करने की कड़ी में वीरवार को तकनीकी कमेटी ने गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट पर पायलटों का ट्रायल लिया।
ट्रायल में सुबह से 80 पैराग्लाइडिंग पायलट दस्तावेज लेकर पहुंचे थे। तकनीकी कमेटी के सदस्यों ने भी समय रहते ट्रायल लेना शुरू किया, लेकिन मौसम में खराबी और तेज हवाओं ने ट्रायल प्रक्रिया में खलल पैदा किया। इस कारण तकनीकी टीम सिर्फ 25 पायलटों का ही ट्रायल ले पाई। बाकी पायलटों का ट्रायल बाद में लिया जाएगा। यह ट्रायल अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अभिनाश नेगी की मौजूदगी में लिया गया। टीम में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान पिरड़ी स्थित राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी गिमनर सिंह, पर्यटन विकास विभाग से योगराज कटोच के साथ वन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस दौरान पायलट के टेकऑफ करने से लेकर लैंडिंग तक की तकनीक जांची गई। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अभिनाश नेगी ने बताया कि जिन पायलटों का ट्रायल रह गया है, उनका ट्रायल जारी रहेगा।
गौरतलब है कि पिछले दिनों राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग से संबंधित उपकरणों की जांच की गई है। इनकी जांच पूरी होने के बाद अब पायलटों के ट्रायल लिए जा रहे हैं। वीरवार को गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट में पायलटों के लिए ट्रायल प्रक्रिया अपनाई गई।