कुल्लू। शिक्षा विभाग प्रदेशभर के सभी विद्यालयों में लर्निंग एनहांसमेंट प्रोग्राम (एलईपी) के तहत चार विषयों गणित, अंग्रेजी, हिंदी और विज्ञान में विद्यार्थियों का टेस्ट ले रहा है। ऐसे में जिला कुल्लू के 287 विद्यालयों में 30 मई को 22,681 विद्यार्थी विज्ञान विषय का टेस्ट देंगे। इस टेस्ट से विद्यार्थियों का आईक्यू स्तर परखने के लिए ओसीआर (ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकॉग्निशन) शीट पर टेस्ट लिया जाएगा।
गौर रहे कि प्रदेश समेत जिला कुल्लू में एलईपी के तहत 287 सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की पढऩे-लिखने की क्षमता को भी परखा जाएगा। इसके लिए जिला के सभी माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का टेस्ट लिया जा रहा है। इस संबंध में समग्र शिक्षा के शिक्षक प्रशिक्षण प्रभारी श्याम लाल हांडा ने कहा कि एलईपी के तहत जिला कुल्लू के 287 से अधिक विद्यालयों में ओसीआर शीट पर विज्ञान विषय का टेस्ट 30 मई को लिया जाएगा। इसमें छठी से दसवीं कक्षा तक के 22,681 विद्यार्थी टेस्ट देंगे।