पंजाब के गतका ने जीता दर्शकों का दिल
विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन कार्यक्रम देखने उमड़ी सैलानियों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विंटर कार्निवाल मनाली के दूसरे दिन वीरवार को पंजाब के सांस्कृतिक दल ने प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीता। पंजाब से आए कलाकारों ने गुरु पर्व के मौके पर आयोजित होने वाले गतका की शानदार प्रस्तुति पेश की।
पंजाब के कलाकारों ने गतका में दिखाए गए खतरनाक करतबों से दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। कलाकार मनदीप खालसा ने बताया कि गतका गुरु पर्व और सिखों के अन्य उत्सवों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि मनाली विंटर कार्निवाल में उनका दल करीब पांच वर्षों से आ रहा है। उनका यह दल मनु रंगशाला के अलावा मनाली के माल पर इसकी प्रस्तुति देते हैं। गतका पंजाब की पुरातन संस्कृति का प्रतीक है और पंजाब में मुगलों, अफगानों और अंग्रेजों की ओर से किए गए आक्रमण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंजाब के छोटे-छोटे बच्चों को गतका सिखाकर आत्म निर्भर बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गतका से आत्मरक्षा भी का जा सकती है। वहीं, माल रोड पर पंजाब के दल के खतरनाक करतबों को देखने के लिए जहां भारी संख्या में सैलानी एकत्रित हुए, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इसे बड़े चाव के साथ देखा।