अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर बंदरोल सब्जी मंडी में जगह के बंटवारे को लेकर आढ़तियों के दो गुट आमने-सामने हो गए हैं। सब्जी मंडी में कुछ आढ़तियों द्वारा मनमाने तरीके से जगह के बंटवारे की शिकायत को लेकर आढ़ती बुधवार को उपायुक्त से मिले।
आढ़ती अनिल अवस्थी, तारा चंद शर्मा, भूमि चंद, वीर सिंह, राजेश ठाकुर, राकेश पठानिया, मोहर सिंह, मनीष कुमार, बुध राम, कमलेश ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, सोमदेव, वीरेंद्र ठाकुर, मेहर चंद, सुदर्शन कुमार ने कहा कि सब्जी मंडी में जगह का बंटवारा मनमाने तरीके से किया गया। जबकि, 10 साल से काम कर रहे आढ़तियों को इसमें दरकिनार किया गया। उन्होंने कहा कि आढ़तियों के पास लाइसेंस और मार्केट फीस की रसीद है। लेकिन, सब्जी मंडी के कुछ आढ़ती अपनी मनमानी पर उतर आए हैं। उन्होंने उपायुक्त से मांग करते हुए कहा कि मामले में उचित कार्रवाई की जाए। वहीं, उपायुक्त यूनुस ने भी आश्वासन देते हुए कहा कि मामले को लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एपीएमसी कुल्लू और लाहौल-स्पीति सचिव सुशील कुमार गुलेरिया ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। इस मामले को लेकर वीरवार को उपायुक्त के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी में जगह का आवंटन नियमानुसार किया जाएगा।