20 मिनट देरी से शुरू हुआ परीक्षा
पर पीएम से चर्चा लाइव कार्यक्रम
बार-बार नेट की स्पीड कम होने से आई परेशानी
कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही कुर्सियां हुईं खाली
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में शुक्रवार को परीक्षा पर चर्चा प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। हालांकि यह लाइव कार्यक्रम 12 बजे के बजाय 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू हो सका। लाइव दिखाने के लिए जियो की नेट स्पीड कम हो जाने से विद्यार्थियों की उत्सुकता काफी कम हो गई। आलम यह था कि अधिकतर विद्यार्थी स्क्रीन पर देखने की बजाए मोबाइल पर ही लगे रहे।
लाइव के लिए इंटरनेट की स्पीड कम होता देख महाविद्यालय प्रबंधन भी परेशान रहा। गौर रहे कि महाविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा के लिए सैकड़ों विद्यार्थी इकट्ठा हुए थे लेकिन जैसे ही मंच से संबोधित किया गया कि आपको लाइव कार्यक्रम दिखाया जाएगा लेकिन स्क्रीन एक जगह पर अटक गई। पहले सभी को लगा कि सर्वर डाउन होने से दिक्कत आ रही है। ऐसे मेें लाइव शुरू होने में करीब 20 मिनट लगे। इसके बाद करीब पांच मिनट चलने कार्यक्रम चलने के बाद फिर थोड़ी देर के लिए बंद हो गया। बार-बार लाइव में बाधा आते से अधिकतर विद्यार्थी मोबाइल में ही व्यस्त रहे। जबकि कुछ विद्यार्थी मोबाइल पर सेल्फी लेते रहे। मोदी के लाइव कार्यक्रम को तो कुछ विद्यार्थी आखिर तक देख ही नहीं सके। कार्यक्रम खत्म होने से पहले विद्यार्थी कुर्सियां छोड़ कर चले गए। इस दौरान हॉल में विद्यार्थियों के आने जाने का सिलसिला लगा रहा।
विद्यार्थियों को जबरदस्ती हाल में बिठाया।
एसएफआई कुल्लू इकाई अध्यक्ष मनोज ठाकुर, इकाई सचिव राहुल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ विद्यार्थी मोदी के लाइव कार्यक्रम में नहीं जाना चाहते थे। लेकिन महाविद्यालय प्रबंधन ने उन्हें जबरदस्ती हॉल में बिठा दिया। हालांकि कुछ विद्यार्थी खिड़की से बाहर निकले। यह छात्र-छात्राओं की आजादी पर हमला है। एसएफआई इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।