अमी चंद भंडारी
खराहल (कुल्लू)।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देवभूमि कुल्लू आ रहे हैं। देवभूमि से नरेंद्र मोदी का रिश्ता काफी पुराना है। प्रधानमंत्री कुल्लू के चप्पे चप्पे से वाफिफ हैं।
सूबे के प्रभारी रहते हुए उन्होंने प्रदेश के हर क्षेत्र का प्रवास कर हिमाचल की संस्कृति, रहन-सहन और खानपान को भली भांति समझा है। स्टार प्रचारक बनने से पूर्व उन्होंने आराध्य देवता बिजली महादेव के दर्शन भी किए थे।
अटल बिहारी वाजपेयी 2000 में चार दिन मनाली के प्रवास पर आ रहे थे। तैयारियों की समीक्षा के लिए मोदी कुल्लू पहुंचे थे। उस समय कार्यकर्ता से बिजली महादेव के बारे में सुना तो वहां जाने की इच्छा जताई।
रास्ते में बारिश पड़ने के कारण उनको धारठ गांव में एक ढाबे में तीन घंटे चारपाई पर बिताने पड़े। बारिश रुकने के बाद ही भोले नाथ के दर्शन कर लौटे। बिजली महोदव के पुजारी तीर्थ राम शर्मा कहते हैं कि बिजली महादेव के आशीष पाने के कुछ समय के बाद ही भाजपा के स्टार प्रचारक घोषित हुए थे और पहली बार पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने में सफल हुए।
भाजपा के प्रदेश महासचिव राम सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संगठन में काम करने का मौका मिला है। वे अनुशासन को सर्वोपरि मानते हैं। भाजपा के सदर विधायक और प्रत्याशी महेश्वर सिंह कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुल्लू से भावनात्मक रिश्ता है। वे यहां के चप्पे चप्पे से वाकिफ है। उनकी कार्यशैली से हर कोई प्रभावित है।