अमर उजाला ब्यूरो
शाढ़ाबाई (कुल्लू)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदू गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस सरकार में सीएम, मंत्री व विधायकों ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कांग्रेस ने महिलाओं के उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया। जनता को गुमराह किया है। दिल्ली में राहुल गांधी पप्पू हैं तो हिमाचल में सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह पप्पू बन बैठे हैं। कांग्रेसी विक्रमादित्य लाओ गरीबी हटाओ का नारा लगा रहे हैं। शाढ़ाबाई में आयोजित बंजार भाजपा के महिला सम्मेलन में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने 60 सालों तक देश को लूटा है। सीएम वीरभद्र सिंह जमानत पर चल रहे हैं। गुड़िया कांड में कांग्रेस सरकार ने पुलिस को भी घेरे में ला दिया है। हिमाचल जैसे शांत राज्य में अब बेटियां घर के बाहर सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचारी हैं और उन्होंने दुष्कर्म के आरोपियों को संरक्षण दिया है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा, मंडलाध्यक्ष चुन्नी लाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्षा लीना, लता शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, हरि राम चौधरी व अन्य मौजूद रहे।
भाजपा ने बढ़ाया महिलाओं का मान-सम्मान : खीमी राम
पूर्व मंत्री खीमी राम ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं का मान सम्मान बढ़ाया है। नारी शक्ति की अनदेखी करना भूल है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में वोट मांगे और भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने में सहयोग करें।
भ्रष्टाचार कांग्रेस के रग-रग में : धनेश्वरी
प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के रग-रग में है। भाजपा ने महिलाओं के लिए बहुत सी योजनाएं व नीतियां बनाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है। कांग्रेस ने महिलाओं के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया।