जरी, बंजार में 108-102 एंबुलेंस को डीजल देने से इनकार
बकाया राशि का भुगतान न होने से समस्या, तेल भरवाने जाना पड़ रहा 60 किमी दूर
08 एंबुलेंस की हालत खराब, छत से टपक रहा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में एंबुलेंस 108 और 102 की सेवा बदहाल होने लगी है। जिला के पार्वती घाटी के सीएचसी जरी के साथ बंजार, सैंज, बालीचौकी की एंबुलेंस 108 और 102 में स्थानीय पेट्रोल पंपों में पेट्रोल व डीजल नहीं भरा जा रहा है। पेट्रोल पंप वालों को पिछले बकाया का भुगतान न होने से यह समस्या आई है।
बंजार से लेकर जरी तक की एंबुलेंस को तेल भरने के लिए 60 किलोमीटर दूर कुल्लू जाना पड़ रहा है। साथ ही 108 एंबुलेंस की हालत भी खस्ताहाल हो गई है। जरी में तैनात एंबुलेंस की छत से पानी टपकने लगा है। इस संबंध में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी है। लेकिन अभी तक कोई भी हल नहीं हुआ है। 108 और 102 यूनियन के समन्वयक गोविंद सिंह ने कहा कि स्थानीय पेट्रोल पंप वालों को एंबुलेंस गाड़ियों की दो माह से पेमेंट नहीं होने से तेल भरने को मना कर रहे हैं। गाड़ियां भी खराब हैं। खिड़कियां टूट गई और टायर भी नहीं बदले जा रहे हैं। उधर, स्थानीय निवासी उगम राम, राम सिंह, अमर चंद, जीत राम, दुनी चंद, टेक सिंह, तेज राम, कृष्ण लाल, किशन चंद तथा वेद प्रकाश का कहना है कि अगर जिला कुल्लू में चल रही 108 एंबुलेंस खराब हालत में है तो प्रदेश सरकार व सेवा दे रही कंपनी को इस ओर समय रहते ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की हालत खस्ता है तो वह कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। 108 के स्थानीय अधिकारी आशीष शर्मा ने कहा कि 108 और 102 एंबुलेंस नियमित रूप से चल रही है। पेट्रोल पंपों को भी उनका बकाया पैसा दिया जा रहा है और गाड़ियों की चंडीगढ़ में सर्विस की जा रही है।