वशिष्ठ और रोहतांग को
कल होगा हेली टैक्सी ट्रायल
मढ़ी और रोहतांग में भी बनाए गए हेलीपैड: एसडीएम
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के रोहतांग के लिए जल्द ही हेली टैक्सी का संचालन होने जा रहा है। 22 जून को इसके लिए मनाली के वशिष्ठ में बने हेलीपैड से रोहतांग दर्रा तथा मढ़ी में बने हेलीपैड का ट्रायल किया जाएगा।
इसके लिए स्थानीय प्रशासन की तरफ से तमाम तैयारियों को पूरा कर दिया है। घाटी में हेली टैक्सी के संचालन के लिए धार्मिक स्थल वशिष्ठ में एक हेलीपैड का निर्माण किया है। वहीं रोहतांग दर्रा में दो तथा मढ़ी में भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक हेलीपैड बनाया गया है।
एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि मनाली में हेली टैक्सी सेवा आरंभ करने के लिए वशिष्ठ में हेलीपैड बना दिया गया है। हेली टैक्सी का ट्रायल सफल रहने पर प्रदेश सरकार द्वारा इसे नियमित रूप से शुरू करने के लिए हरी झंडी दी जाएगी। गौर हो कि घाटी में हेली टैक्सी शुरू होने पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। पर्यटक चंद मिनटों में रोहतांग का सैर सपाटा कर सकेंगे। इससे सैलानियों को जाम से भी राहत मिलेगी और साथ ही रोहतांग, मढ़ी व इसके आसपास आपातकालीन स्थित में किसी भी व्यक्ति को निकालने में हेलीटैक्सी वरदान साबित होगी।