कुल्लू। दिसंबर माह से बंद चल रही भुंतर-चंडीगढ़ हवाई सेवा अब 27 फरवरी से शुरू होने जा रही है। ढाई माह से ठप पड़ी भुंतर-चंडीगढ़ उड़ान शुरू होने से कुल्लू-मनाली के समर सीजन को गति मिलेगी। हालांकि एयर इंडिया ने पहले इसे उड़ान को छह फरवरी से आरंभ करने की बात कही थी। दूसरी तरफ दिल्ली-भुंतर के बीच चल रही फ्लाइट सुचारु रूप से चल रही है। जिससे पर्यटन कारोबारियों के साथ ट्रेवल एजेंटों ने भी राहत की सांस ली है। घाटी के पर्यटन कारोबारी भी समर सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं। होटलों और रेस्तरां का रंग रोगन का नए लुक दिया जा रहा है और छुट्टी पर भेजा गया स्टाफ को भी अब वापस बुला दिया है।
होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि भुंतर एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवाओं को बढ़ाया जाना चाहिए। अभी तक सस्ती उड़ान सेवा भी शुरू नहीं हो सकी है। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से आगामी समर सीजन में अधिक से अधिक हवाई उड़ानों को शुरू करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि विंटर सीजन में भुंतर-चंडीगढ़ रूट पर यात्रियों की कमी तथा चंडीगढ़ एयरपोर्ट की मरम्मत के चलते उड़ान को चार दिसंबर से बंद किया गया है। भुंतर हवाई अड्डे के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि उन्हें एयर इंडिया का शेड्यूल मिला है जिसमें भुंतर-चंडीगढ़ उड़ान के 27 फरवरी से शुरू होने की बात कही है।