मतदान केंद्रों में सुविधाओं का लिया जायजा
चुनाव पर्यवेक्षक ने मतदाताओं से लिया फीडबैक
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। नौ नवंबर को होने वाले सामान्य विधानसभा चुनाव के लिए लाहौल क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक केआरवीएचएन चक्रवर्ती विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से मिले। उन्होंने इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के गोंदला, खोरपानी, सिस्सू, तेलिंग तथा कोकसर के मतदाताओं से मिलकर इन क्षेत्रों में बनाए गए मतदान केंद्रों का भी जायजा लिया।
चक्रवर्ती ने मतदान केंद्रों का जायजा लेने के उपरांत संबंधित क्षेत्र के बूथ लेबल अधिकारियों से मिलकर जिला प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में मतदान के लिए की गई चुनाव संबंधी तैयारियों को भी जांचा। उन्होंने स्थानीय लोगों से मिलकर चुनाव आचार संहिता तथा पूर्व में संपन्न हुए विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों के दौरान हुए मतदान के बारे में भी अनुभव सांझा किए। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपना वोट जरूर डालने के साथ मतदान की प्रतिशतता को बढ़ाने की भी अपील की। उन्होंने लोगों से मतदान में पहली वार प्रयोग में लाई जा रही वीवीपेट युक्त ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर भी जानकारी ली और मतदाताओं से मतदान के दौरान अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र के इस्तेमाल का भी आग्रह किया।