मंदिर प्रतिष्ठा में सैकड़ों लोगों ने डाली आहुति
देवता खुडीजल के मंदिर की प्रतिष्ठा का चल रहा है कार्यक्रम
नब्बे मजारों के साथ मानगढ़ के हारियान हुए शामिल
16 नवंबर को होगी पूर्णाहुति, देवमय हुई घाटी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। देवता खुडीजल की ऐतिहासिक मंदिर प्रतिष्ठा में सोमवार को सैकड़ों लोगों ने हवन कुंड में आहुति डाली। इसमें देवता खुडीजल के 90 मजारों के पांच गांव के करीब 700 तथा साथ लगते मंडी जिला के मानगढ़ क्षेत्र के देवता सेरी नारायण के करीब 150 हारियानों ने मंदिर प्रतिष्ठा की हवन पाठ में भाग लिया।
देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि नब्बेमजारों में गांव सुहल, जैबाग, कुआ, कठेड़ तथा ढरेच गांव के हारियों की अगवाई देवता खुडीजल के दरोगे टेक सिंह तथा गुलाव सिंह ने की। इस दौरान इन गांव के हारियानों ने मिलकर देवता की प्रतिष्ठा के लिए पांच गोलिए, 10 डेग, आधा किलो चांदी, दो दर्जन कड़छियां तथा दस बाल्टियां प्रदान की हैं। इसके अलावा महिला मंडल लोशटी ने देवता खुडीजल को पांच डेग तथा 40 लीटर का प्रेशर कुकर भेंट किया है। देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिव राज शर्मा, वार्ड सदस्य महेंद्र शर्मा, मदन शर्मा, पुजारी शेर सिंह शर्मा, तमेश शर्मा, पूर्ण शर्मा, धर्मवीर तथा पिंकू के अनुसार 16 नवंबर को होनी वाली ऐतिहासिक पूर्णाहुति के लिए तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी हैं। काष्ठकुणी शैली के बने देवता के मंदिर (कोठी) को पूरे हारियान क्षेत्र के लोगों के सहयोग से निर्माण किया गया है। देवता के इस धार्मिक अनुष्ठान में बंजार, मंडी और आनी के करीब दो दर्जन देवी-देवता भी शामिल होंगे।