कुल्लू। जुलाई माह के अंतिम सप्ताह से बंद चल रहा औट-बंजार-सैंज एनएच-305 को यातायात के लिए बहाल करने का कार्य एनएच अथॉरिटी ने युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। करीब तीन सप्ताह बाद हाईवे को खोलने करने के लिए अथॉरिटी ने एक जेसीबी, एक डोजर समेत तीन मशीनों को मोर्चे पर लगा दिया है। रोड का करीब 100 मीटर हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से अभी बाह्य सराज को जिला मुख्यालय से जुड़ने में समय लगेगा। चार सप्ताह से जिला मुख्यालय से कटी बाह्य सराज की 58 पंचायतों के साथ रामपुर, किन्नौर, करसोग, छतरी और कुमारसेन के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एनएच के बंद होने से लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचना चुनौती बन गया है। कहीं मीलों का पैदल सफर तो कहीं भारी-भरकम किराया देकर टैक्सियों में आना-जाना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय में अपने कामकाज को आने वाले बाह्य सराज की आम जनता को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बस सुविधा न मिलने पर उन्हें टैक्सी में आना पड़ रहा है।
लोग बोले-हाईवे का विकल्प तलाशना चाहिए
युवा जगदीश, गोविंद, अमित कुमार, संजू, दलीप, चंदन, अभिषेक, कुमार सिंह और राजेंद्र ने कहा कि रोड बंद होने से उन्हें घंटों तक टैक्सी का इंतजार करना पड़ रहा। उन्होंने कहा कि भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील हाईवे-305 का विकल्प तलाशा जाना चाहिए। अगर एनएच किन्हीं कारणों से बंद होता है तो कुल्लू-आनी का संपर्क कुल्लू-शुश वाया शवाड़ होकर बसों का संचालन किया जाना चाहिए।
कोट्स
उधर, एनएच अथॉरिटी के सहायक अभियंता सुनील गुप्ता ने कहा कि रोड को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। एनएच को सुचारु करने के लिए तीन मशीनों को लगाया गया है। मौसम ने साथ दिया तो तीन से चार दिन में रोड बसों की आवाजाही के लिए खुल जाएगा।