कुल्लू। प्रदेश सरकार बंजार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। केंद्र से सड़क सुविधाओं के लिए फंड लाने में भी सरकार कामयाब रही है। वर्तमान में बंजार विधानसभा क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये के सड़क कार्य चल रहे हैं। यह बात एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने कुल्लू में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल के पांच महीने शेष रहते बंजार विधानसभा क्षेत्र में अस्पताल भवन का निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में 28 सड़कों का निर्माण भी पूरा किया जाएगा।
राम सिंह मियां ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने पेपर लीक और चंदा चोरी जैसे मामलों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद विधायक एनएच-305 की बदहाली का मुद्दा प्रभावी तरीके से नहीं उठा पाए हैं। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को खराब सड़क की समस्या से जूझना पड़ रहा है। संवाद