निजी स्कूलों की रिपोर्ट 22 से पहले भेजेंगे शिमला
शिक्षा उपनिदेशक ने बैठक में दिए निर्देश, निरीक्षण को लेकर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देश पर निजी स्कूलों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए शिक्षा विभाग कुल्लू तैयार है। शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में बुधवार को शिक्षा उप निदेशक बलवंत सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें निजी स्कूलों में किए जाने वाले निरीक्षण को लेकर चर्चा की गई। निजी स्कूलों की निरीक्षण रिर्पार्ट 22 अप्रैल से पहले शिमला भेजी जाएगी।
शिक्षा उप निदेशक बलवंत सिंह ठाकुर ने कहा कि निजी स्कूलों के निरीक्षण के लिए जिला के हर शिक्षा खंड में एक टीम का गठन किया गया है। आनी, निरमंड, कुल्लू-1, कुल्लू-2, नग्गर खंड और बंजार खंड के लिए एक-एक टीम का गठन किया गया है। ये टीमें अपने ब्लॉक में निजी स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान स्कूल में दस्तावेज से लेकर अन्य रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। इतना ही नहीं ये कमेटियां स्कूलों में ताबड़तोड़ निरीक्षण के बाद जल्द ही अपनी रिपोर्ट शिक्षा उप निदेशक कुल्लू को सौंप देंगी। सभी कमेटियों से ली गई रिपोर्ट के आधार पर एक कंपाइल रिपोर्ट शिमला भेजी जाएगी। यह कंपाइल रिपोर्ट 22 अप्रैल से पहले ही भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों के निरीक्षण के लिए गठित कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों में फीस स्ट्रक्चर, ऑडिट रिपोर्ट, किताबें, कापियां और वर्दी बेचने के लिए चल रहे बुक स्टोर सहित अन्य दस्तावेजों की जांच करें। उन्होंने कहा कि स्कूल में खामियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।