सोलंगनाला, लाहौल और रोहतांग दर्रा में ताजा हिमपात
दो दिन तक भारी बर्फबारी की चेतावनी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की दो रेस्क्यू टीमों को किया अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/मनाली/कोकसर। कुल्लू की ऊंची चोटियों के साथ जनजातीय क्षेत्र लाहौल में दूसरे दिन भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला में भी बर्फबारी होने से पर्यटकों ने आनंद उठाया। पर्वतीय शृंखलाओं में दो दिन से हो रही बर्फबारी से निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ गई है। मौसम विभाग ने भी 14 और 15 फरवरी को भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसी के चलते जिला प्रशासन ने जिला के स्नो बाउंड एरिया वाले स्कूलों में 17 फरवरी तक अवकाश घोषित किया है।
बर्फबारी से किसी तरह की घटना न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की दो रेस्क्यू टीमों को अलर्ट पर रखा है। वहीं, सोलंगनाला और केलांग में 15 सेंटीमीटर और रोहतांग दर्रा में 25 सेंटीमीटर ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया है। ऊझी घाटी के कोठी, पलचान, धुंधी, गुलाबा, मंढी, मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा और हनुमान टिब्बा में हिमपात हुआ है। घाटी में भारी बर्फबारी होने की चेतावनी से जिला में कई बस रूट प्रभावित हुए और लोगों को कई किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ा। कुल्लू और लाहौल में लगातार बिगड़ रहे मौसम से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जबकि लाहौल में हुई रिकॉर्ड बर्फबारी से हिमखंड गिरने का क्रम जारी है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने बताया कि मौसम विभाग ने आगामी दो दिन तक मौसम के खराब रहने की आशंका जताई है। इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए जिलावासी विशेष एहतियात बरतें। उन्होंने ऊंचे क्षेत्रों में रहने वाले लोग और पर्यटक बर्फबारी के दौरान बाहर न निकलें और हिमखंड की आशंका वाले स्थानों से दूर रहें। बारिश-बर्फबारी के दौरान नदी-नालों के आस-पास भी न जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टॉल फ्री नंबर 1077 या फिर दूरभाष नंबरों 01902-225630, 31,32 अथवा 33 पर संपर्क किया जा सकता है।