मोदी ने विद्यार्थियों के मन से निकला परीक्षा का डर
विद्यार्थी बोले, परीक्षा में मद्दगार साबित होंगे प्रधानमंत्री के टिप्स
पहली बार पीएम द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना नई पहल
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। परीक्षा पर चर्चा प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्यक्रम को लेकर राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षाओं से पहले प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए टिप्स को विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण बताया।
महाविद्यालय कुल्लू में बीए के छात्र अमित ने कहा कि यह उनके लिए एक नया अनुभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बारीकी से परीक्षा की तैयारियों को समझाया है। बीकॉम चौथे सेमेस्टर के छात्र साहिल शर्मा ने कहा कि अब उनका परीक्षा के प्रति डर ही निकल गया है। अब वह परीक्षा को सहजता से ले रहे हैं। वहीं बीएससी दूसरे सेमेस्टर के छात्र शुभम ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा की पहल एकदम नई सोच है। इसका लाभ देश से सैकड़ों बच्चों को मिलेगा। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने परीक्षा के समय विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है।
बीएससी तीसरे सेमेस्टर के छात्र सुशांत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने परीक्षा को लेकर जो कहा वह सराहनीय था। बीएससी तीसरे सेमेस्टर के छात्र विक्रम ने कहा कि कार्यक्रम देखने के बाद उनका हौसला बढ़ा है और वह इसी तर्ज पर आगामी वार्षिक परीक्षा की तैयारियों में जुट जाएंगे।
महाविद्यालय की छात्रा रामेश्वरी ने कहा कि परीक्षा का दबाव विद्यार्थी को नहीं लेना चाहिए। पीएम मोदी की परीक्षा चर्चा विषय एक अच्छा कदम है। बीए पहले सेमेस्टर की छात्रा कांता ठाकुर ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम बेहद प्रेरणादायक था। परीक्षा को लेकर दबाव नहीं लेना चाहिए। बीए दूसरे सेमेस्टर की छात्रा रिचा ने कहा कि कार्यक्रम देखने के बाद उन्हें परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी और वह बिना किसी दबाव के परीक्षा की तैयारी करेंगी। इधर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारी भेखली में परीक्षा पर चर्चा प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।