मनाली (कुल्लू)। रोहतांग पास और मनाली की ऊंची चोटियों पर हो रहे ताजा हिमपात से मनाली के पर्यटन को पंख लगेंगे। हिमपात के बाद होटलों में इन्कवायरी के लिए फोन बजने शुरू हो गए हैं। जिससे पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल गए हैं। वर्तमान में मनाली में होटल समेत अन्य पर्यटन कारोबारियों का कारोबार धीमा चला हुआ है।
मनाली के पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों से मनाली में पर्यटकों की संख्या में काफी कमी देखी गई है, परंतु इन दिनों रोहतांग पर हुए ताजा हिमपात से आने वाले दिनों में मनाली में पर्यटकों की आमद में वृद्घि होगी। बर्फ के दीदार को पर्यटक देश के कोने कोने से मनाली पहुंचेगी। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि रोहतांग पास में हुई ताजा बर्फबारी के चलते मनाली में आने वाले दिनों में भारी संख्या में सैलानियों की आने की उम्मीद है। क्रिसमस ईव और नव वर्ष के पर्यटन सीजन का अच्छा चलने की संभावना है। इन दिनों शादी का सीजन भी चल रहा है तथा मनाली आने वाले नवविवाहित दंपतियों की संख्या अधिक होगी।
वहीं, मनाली लग्जरी कोच एसोसिएशन की प्रधान लाजवंती शर्मा ने बताया कि वर्तमान मनाली आने वाले सैलानियों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है। बर्फबारी से पर्यटकों की आवक अधिक होगी। उधर, हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान राजकुमार डोगरा का कहना है कि बर्फबारी पर्यटन सीजन के लिए वरदान साबित होगी।
रोहतांग पास में ताजा हिमपात के बाद मनाली से रोहतांग पास चलने वाली इलेक्ट्रिक बस की बुकिंग भी बढ़ गई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वीरवार को दोनों इलेक्ट्रिक बसें रोहतांग के लिए चलाई गईं। 25 सीटर एक बस पूरी तरह से पैक होकर रोहतांग के लिए रवाना हुई। वहीं दूसरी अन्य बस में 19 यात्री रोहतांग पहुंचे। बर्फ के बीच पर्यटकों ने खूब मौज मस्ती की। रोहतांग टॉप में अधिक बर्फबारी होने की सूरत में भी यह बस जारी रहेगी। बस वाले प्वाइंट तक पहुंचने के बाद पर्यटकों के साथ वापस लौटेगी। इधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दूसरी इलेक्ट्रिक बस भी रोहतांग पास के लिए वीरवार को चलाई गई है। यात्रियों की संख्या कम होने पर बस नहीं चलाई जाएंगी।