कुल्लू। राजकीय उच्च विद्यालय जिंदौड़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चुन्नी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति का आधार होता है। अच्छी शिक्षा और सकारात्मक दृष्टि रखने वाले विद्यार्थी हमेशी जीवन में कामयाबी हासिल करते हैं। एक विद्यार्थी को हमेशा समय की कीमत को समझना चाहिए। विद्यार्थी को अधिक समय अपनी पढ़ाई की ओर लगाना चाहिए। उन्होंने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कारों से भी नवाजा। स्कूल की मुख्य अध्यापिका निवोदिता सूद ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने स्कूल में हुई वर्षभर की गतिविधियों का ब्यौरा अभिभावकों के समक्ष रखा। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देश भक्ति गीत, पंजाबी गिद्दा पेश कर वाहवाही लूटी। वहीं कुल्लवी नाटी पर स्कूल के विद्यार्थियों ने अभिभावकों को खूब मनोरंजन किया। वहीं समारोह में दसवीं कक्षा में प्रथम रहे लक्ष्मण, द्वितीय रही प्रिया और तृतीय रहे रमेश को पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ छात्र का खिताब मनीष को दिया गया। जबकि सर्वश्रेष्ठ सदन सुभाष सदन, सर्वाधिक पुरस्कार सुमन को मिले। इसके अलावा पूर्ण उपस्थिति से संजना ठाकुर को पुरस्कृत किया गया।