बंजार में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी अपना नामांकन पत्र भरने से पहले रैली निकालते हुए।
- फोटो : amarujala
कुल्लू/मनाली/बंजार/केलांग। कुल्लू जिला की चारों विधानसभा सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को छह उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें बंजार और मनाली से दो-दो, आनी और कुल्लू विस क्षेत्र से एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं लाहौल-स्पीति में शनिवार को एक भी नामांकन दर्ज नहीं हुआ।
भाजपा और कांग्रेस से एक-एक उम्मीदवार ने बंजार विस क्षेत्र से नामांकन भरा। जबकि तीन आजाद उम्मीदवारों व एक माकपा के उम्मीदवार ने पर्चा भरा। बंजार विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकटार्थी आदित्य विक्रम सिंह ने निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम बंजार अपूर्व देवगन को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इससे पहले उन्होंने बंजार में समर्थकों संग रैली भी निकाली। वहीं, भाजपा के सुरेंद्र शौरी ने भी बंजार विस क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया। उन्होंने भी नामांकन से पूर्व बंजार कस्बे में समर्थकों संग रैली निकाली। इसी तरह आनी विधानसभा क्षेत्र से माकपा के लोकेंद्र कुमार ने भी अपना नामांकन भरा। कुल्लू से कमलकांत और मनाली से हुकम चंद और मोहन लाल ने आजाद उम्मीदवार के रूप में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। मनाली से नामांकन भरने वाले दोनों उम्मीदवार भाजपा से बगावत कर चुुनावी मैदान में हैं। शनिवार को नामांकन भरने वाले सभी उम्मीदवार पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। अधिकतर उम्मीदवार युवा हैं और चुनावी बेला में अपना भाग्य अजमाने के लिए उतरे हैं। बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने नए चेहरों पर विश्वास जताया है। हालांकि दोनों ही प्रत्याशी जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।