कुल्लू-लाहौल में फिर बदला मौसम, भारी बर्फबारी की चेतावनी
रोहतांग दर्रा में ताजा हिमपात, बर्फीले इलाकों की ओर न जाएं पर्यटक और लोग
जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, सभी एसडीएम को नजर रखने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मौसम विभाग ने कुल्लू और लाहौल में 12 जनवरी तक से भारी बर्फबारी चेतावनी दी है। घाटी में वीरवार सुबह से ही मौसम खराब चल रहा है। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची पहाड़ियों में कहीं रुक-रुक कर बर्फबारी हुई तो कहीं फाहे गिरते रहे। दर्रा में 10 सेंटीमीटर तक बर्फबारी की सूचना है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है और जिला के बंजार, आनी, कुल्लू और मनाली के सभी एसडीएम को मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है। हालांकि घाटी में पहले से जनजीवन अस्त व्यस्त चल रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों की समस्या और बढ़ सकती है। अलर्ट में प्रशासन ने आम लोगों के साथ पर्यटकों को बर्फीले इलाकों की ओर न जाने की हिदायत दी है। उन्होंने मौसम के इस मिजाज को देखते हुए लोगों से एहतियात बरतने को कहा है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने जिला के दूरदराज के क्षेत्रों में भी सभी विभागों के अधिकारियों से किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। हालांकि पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद जलोड़ी दर्रा होकर गुजरने वाले एनएच-305 से निगम की बस सेवा बंद है। निगम की बसें घियागी से आगे नहीं जा रही हैं। वहीं, मौसम के बदले तेवर को देखते हुए एचआरटीसी कुल्लू ने जिला के प्रभावित दो दर्जन रूटों पर बसों को नहीं भेजने का निर्णय लिया है। बस चालकों को इस स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
कई इलाकों में पहले ही पटरी पर नहीं लौटा है जनजीवन
कुल्लू। नए साल के पहले हफ्ते में हुई बर्फबारी से घाटी का जनजीवन अस्त व्यस्त है, लेकिन मौसम विभाग की ओर फिर से भारी बर्फबारी होने की चेतावनी जानी करने से घाटी के लोग चिंतित हैं। जिला में अभी भी एचआरटीसी के करीब 20 रूट बंद हैं। इसमें जलोड़ी दर्रा होकर चलने वाले आधा दर्जन रूट भी शामिल हैं।