जिला में खुलेंगे 33 नए पेट्रोल पंप
भारत पेट्रोलियम 10 और इंडियन ऑयल कारपोरेशन 23 पंप खोलेगा
पेट्रोल पंप डीलर के लिए चयन डॉट इन वेबसाइट पर करें आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन और इंडियन ऑयल कारपोरेशन की ओर से कुल 33 नए पेट्रोल खोले जाएंगे। इनके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पेट्रोल पंप डीलर चयन डॉट इन वेबसाइट पर ये आवेदन किए जा सकते हैं।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड के मंडी क्षेत्र के बिक्री अधिकारी संजय सिंहल ने बताया कि नेशनल हाईवे पर जिया और गैमन पुल के बीच तीन पेट्रोल पंप खुलेंगे। इनमें से एक जिया के आसपास, दूसरा तलोगी और रामशिला के बीच और तीसरा रामशिला और गैमन पुल के बीच खुलेगा। जरड़ के आसपास भी एक पंप प्रस्तावित है। बाशिंग और बबेली के बीच, डोभी-दवाड़ा, कटराईं के नए हाईवे पर, कटराईं गांव, पतलीकूहल में नए हाईवे पर, पतलीकूहल गांव, 16 मील, आलू ग्राउंड, क्लाथ, नेशनल हाईवे मील पत्थर 247 व 249 के बीच और 263 और 265 के मध्य पेट्रोल पंप स्थापित किए जाने हैं। नगर परिषद क्षेत्र कुल्लू, काइस, सुईभ्रा और नग्गर के आसपास के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। औट-जलोड़ी-लुहरी नेशनल हाईवे पर मंगलौर के आसपास, आनी, हरिपुर और निमला के आसपास पेट्रोल पंप के लिए आवेदन किया जा सकता है। उधर, भारत पेट्रोलियम ने भी जिला में 10 नए पेट्रोल पंपों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आनी उपमंडल के शवाड़, छाउंटी बैहना और लुहरी रोड पर, मनाली विधानसभा क्षेत्र में लरांकेलो और नग्गर के मध्य प्रीणी और अलेउ के मध्य पेट्रोल पंप खोला जाएगा। मणिकर्ण घाटी में छरोड़नाला और पीणी के मध्य, नगर परिषद क्षेत्र कुल्लू में वामतट मार्ग पर, बंजार और जिभी के मध्य और मंडी-कुल्लू हाईवे पर भुंतर में लेफ्ट और राइट बैंक दोनों जगह भी एक-एक पंप स्थापित किया जाना है। भारत पेट्रोलियम के ये अधिकांश पेट्रोल पंप एससी और ओबीसी वर्ग के आवेदकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।