आज सोच समझ कर ही वाहन लेकर आएं कुल्लू
दशहरा उत्सव के दौरान मौहल से रामशिला तक नो पार्किंग जोन
निर्धारित 20 पार्किंग स्थलों में ही पार्क किए जा सकेंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। यदि आप वाहन लेकर शुक्रवार को कुल्लू जिला मुख्यालय पहुंचना चाह रहे हैं तो सोच समझ कर ही प्लान बनाएं। प्रशासन की ओर से मौहल से लेकर रामशिला तक नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। ऐसे में रोड साइड में पार्किंग नहीं हो सकेगी। यदि ऐसा करते हैं तो क्रेन आपका वाहन उठाकर ले जाएगी।
प्रशासन की ओर से निर्धारित 20 पार्किंग स्थलों में ही वाहन पार्क किए जा सकेंगे। भुंतर से कुल्लू तक जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने भी जाम और यातायात को नियंत्रित रखने के लिए शहरवासियों से अपील की है कि वाहनों को छोड़कर शहर में नजदीकी स्थलों में पैदल सफर करें। ताकि दिक्कत पेश न आए। दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सही रखने के लिए कलाकेंद्र में पुलिस जवानों को ड्यूटी बताई गई और संदिग्ध दिखने पर त्वरित कार्रवाई केे आदेश दिए। दिन भर पुलिस जवान कुल्लू पहुंचते रहे। अपनी ड्यूटी का पता कर जवान मुस्तैद हो गए। पुलिस के सभी प्रकार के दल सक्रिय हो गए हैं। रात्रि के दौरान देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों के आसपास भी पुलिस गश्त करेगी। इधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि यातायात को दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। शहरवासी शहर के नजदीकी स्थलों के लिए वाहनों को छोड़कर पैदल सफर करने में तवज्जो दें और यातायात को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें।
इनसेट
यहां करें पार्किंग
पार्किंग स्थल क्षमता
फारेस्ट मैदान नजदीक ओएलएस 80
मोनाल कैफे पेड पार्किंग 60
कॉलेज ग्राउंड 120
सब्जी मंडी, अखाड़ा बाजार 70
अखाड़ा बाजार टापू ब्रिज पेड पार्किंग 100
विपाशा मार्केट पेड पार्किंग 09
सरवरी बैक साइड मार्केट 30
डीएवी स्कूल मौहल 50
ओल्ड बस स्टैंड, अखाड़ा बाजार 30
कैंब्रिज स्कूल मौहल के समीप 30
पेट्रोल पंप गांधीनगर 50
सरवरी होटल, महंत बेहड़ के पास 100
लघु सचिवालय 70
नजदीक शाणी मंदिर वामतट 50
महिला पुलिस थाना सरवरी के पास 60
पुहलिस लाइन कुल्लू बाशिंग 120
राफ्टिंग साइट टूरिज्म विभाग पिरड़ी 50
प्राइवेट पार्किंग कैलाश थियेटर सरवरी 80
नजदीक कुल्लू वैली शॉल शोरूम वामतट 200
शांगरी बाग नजदीक रामशिला पुल 60