स्वार। भारतीय किसान यूनियन अंबावत ने क्षेत्र में किसानों की नष्ट हुई धान की फसल का सर्वे कराकर उचित मुआवजा, गन्ने की बकाया धनराशि दिलाने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अंबावत के कार्यकर्ता ब्लाक अध्यक्ष अमीर अहमद के नेतृत्व में तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार संजय सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें अवगत कराया कि पिछले दिनों भारी बारिश से क्षेत्र के किसानों की धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। किसानों ने अपनी फसल के लिए साहूकारों से ब्याज पर पैसा लेकर लगाया था। किसानों के गन्ने का बकाया अभी तक नहीं मिल सका है जिससे किसान परेशान हैं। डीजल, पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसे फसल की लागत में बढ़ोत्तरी हो रही है जबकि फसलों का मूल्य सरकार नही बढ़ा रही है। वहीं गांव दुंदावाला में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। ज्ञापन में सभी धान की फसल का शीघ्र मुआवजा दिलाने सहित सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराये जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में तस्वीर अहमद, नामे अली, हेमंत मौर्य, दिलशाद अहमद, रामौतार मौर्य आदि मौजूद रहे।