छह सौ रुपये में इलेक्ट्रिक बस
से रोहतांग में होंगे बर्फ के दीदार
किराये में आना और जाना दोनों होगा शामिल, रोहतांग में रूकेगी एक घंटा
मनाली में आज से दो बसें होंगी रवाना, जरूरत पड़ने पर भेजेंगे तीसरी बस
सवारियों के साथ लो फ्लोर बस का होगा ट्रायल, पर्यटकों को मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के रोहतांग दर्रा में बर्फ के दीदार मात्र छह सौ रुपये में हो पाएंगे। इलेक्ट्रिक बस में मात्र छह सौ रुपये देकर पर्यटक और स्थानीय रोहतांग दर्रा में बर्फ के बीच रोमांच से भरा सफर तय कर सकेंगे। मनाली से रोहतांग के बीच बुधवार से इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जा रही हैं। इस निर्णय से सीधे तौर पर पर्यटकों केे राहत मिलेगी। ऑनलाइन परमिट न मिलने पर पर्यटक इस बस से आसानी से रोहतांग पहुंच सकेंगे। बुधवार से मनाली से रोहतांग दर्रा को इलेक्ट्रिक बस चलाई जा रही हैं। दो बसें पैक हो चुकी हैं। जरूरत पड़ने पर तीसरी बस को भी रोहतांग भेजा जाएगा। पहली बस मनाली से रोहतांग के लिए सुबह आठ बजे जाएगी। दूसरी बस नौ बजे रवाना होगी। एक बस दिन में एक बार ही रोहतांग का चक्कर काटेगी। इलेक्ट्रिक बसों के लिए मनाली में आठ चार्जिगिं प्वाइंट बनकर तैयार हो गए हैं। मनाली से सीधे बस रोहतांग में ही रूकेगी। लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों का ट्रॉयल भी बुधवार को सवारियों के साथ किया जाएगा। एचआरटीसी मुख्यालय की ओर से इलेक्ट्रिक बसों का किराया छह सौ रुपये तय किया गया है। जिसमें मनाली से रोहतांग जाना व आना दोनों शामिल रहेगा। वर्तमान में रोहतांग दर्रा पर्यटक वाहनों के लिए खुल गया है। रोजाना 1200 परमिट रोहतांग जाने के लिए वेबसाइट से मिल रहे हैं। जबकि 100 परमिट सशर्त लिए जा सकेंगे। इसी बीच अब एनजीटी के आदेश पर इलेक्ट्रिक बस को भी चलाया जा रहा है। इधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि बुधवार से मनाली-रोहतांग दर्रा रूट पर इलेक्ट्रिक बस चलाई जा रही है। एक व्यक्ति 6 से ज्यादा सीटें बुक नहीं कर पाएगा। बस जाने से 4 घंटे पहले बुकिंग बंद कर दी जाएगी।
साइट सीइंग के लिए उपयुक्त है बस
इलेक्ट्रिक बस साइट सीइंग के लिए उपयुक्त है। बस के अंदर से ही पर्यटक बर्फ से लकदक पहाडि़यों का आनंद ले सकेंगे। बर्फ की ऊंची दीवारों के बीच से गुजर कर बस मनाली से रोहतांग टॉप तक पहुंचेगी। यहां पर्यटक रूक करीब एक घंटे तक आनंद ले सकते हैं। बस का रूट मनाली से रोहतांग टॉप तक ही तय किया गया है।
बेहद आरामदायक हैं सीटें
इलेक्ट्रिक बस की सीटें आरामदायक हैं। इन सीटों में पहाड़ी सफर का आराम से पर्यटक तय कर सकेंगे। मनाली से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रोहतांग दर्रा तक पर्यटक आराम से इस बस में पहुंच सकेंगे। बस में 25 सीटें हैं। जिनकी ऑनलाइन भी बुकिंग की जा सकेगी।
पूर्व में सीएम ने दिखानी थी हरी झंडी
पूर्व में सीएम जयराम ठाकुर ने मनाली से रोहतांग के लिए इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखानी थी। लेकिन टैक्सी यूनियन के विरोध के चलते यह कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। अब मामला शांत होने पर दोबारा इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की कवायद शुरू हो गई है। बस संचालन से मध्यम वर्गीय पर्यटकों को सुविधा होगी।
न परमिट का झंझट और न टैक्सी का
इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से पर्यटक बेहद आसानी से रोहतांग टॉप तक पहुंच सकते हैं। इसके लिए न तो पर्यटक को परमिट लेना होगा और न टैक्सी को अधिक किराया देने की जरूरत होगी। ऑनलाइन या एचआरटीसी के काउंटर से बस की सीट की बुकिंग करवानी होगी। इसके लिए केवल निर्धारित किराया वहन करना होगा।