लाहौल के स्कूलों में हर
सप्ताह लिए जाएंगे टेस्ट
तांदी डाइट में आयोजित कार्यशाला में लिया गया निर्णय
तीसरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी किए गए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल के स्कूलों में तैनात शिक्षकों को अपनी ड्यूटी के प्रति सतर्क रहना होगा। घाटी के स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा को लेकर शिक्षा विभाग लाहौल सक्रिय हो गया है। अब घाटी के स्कूलों में हर सप्ताह में एक से दो विषय के क्लास टेस्ट लिए जाएंगे। इसके लिए विद्यार्थियों के पास एक अलग से कॉपी होगी। निरीक्षण दल की टीम इस कॉपी का निरीक्षण कर रिपोर्ट शिक्षा उपनिदेशक लाहौल के कार्यालय को भेजेगा।
तांदी स्थित डाइट में एकीकृत विद्यालय शिक्षा योजना के तहत आयोजित एक दिवस कार्यशाला में यह निर्णय लिया गया। जिसमें मुख्यत: सरकार के 100 दिनों की उपलब्धता एवं वर्ष 2018-19 वार्षिक कार्ययोजना तथा डाइट द्वारा प्रस्तावित 12 बिंदु कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति अश्विनी कुमार चौधरी ने की। बैठक में घाटी के सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों ने इस कार्यशाला में भाग लिया। लाहौल में शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग द्वारा 2018-19 के लिए कार्य योजना का प्रारूप तैयार करने का आह्वान किया। जिसमें सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों को गुणात्मक शिक्षा को लेकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस मौके पर शिक्षा उपनिदेशक लाहौल प्रेम नाथ परशीरा ने कहा है कि अब तीसरी से 12वीं कक्षा तक के हर विद्यार्थियों के पास एक अलग से टेस्ट कापी होगी और अधीनस्थ स्कूलों के मुख्य उस कॉपी का निरीक्षण के बाद इसकी रिपोर्ट शिक्षा विभाग लाहौल को देंगे। इस मौके पर एसडीएम उदयपुर सुभाष गौतम, डाइट के प्रधानाचार्य देवेंद्र चौहान सहित सभी स्कूलों के प्रिंसिपल व मुख्य अध्यापक उपस्थित रहे।