कुल्लू। वाहनों की आवाजाही के लिए 24 फरवरी को बंद हुआ जलोड़ी दर्रा मंगलवार को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। इससे हजारों लोगों को राहत मिली है।
एनएच अथॉरिटी ने स्नो कटर से बर्फ को हटा दिया और दोपहर बाद छोटे वाहन दोनों ओर से सरपट दौड़ने लगे। औट-आनी-लुहरी नेशनल हाईवे-305 के बहाल होने से बाह्य सराज आनी-निरमंड के लोगों ने राहत की सांस ली है। जलोड़ी दर्रा के बहाल होते ही अब निगम बस को जल्द शुरू करने की तैयारी में है। दर्रा के छोटे वाहनों को खुलने से जिला मुख्यालय अपने कामकाज को आने वाले लोगों को पैदल चलने से बड़ी राहत मिली है। हाईवे के करीब तीन किलोमीटर पड़ी बर्फ को हटाने में एनएच अथॉरिटी को मात्र ढाई दिन का समय लगा है। हालांकि औट-आनी-लुहरी नेशनल हाईवे-305 यातायात के लिए खुल गया है। बावजूद यहां वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। एनएच-305 के सुपरवाइजर यशवर ठाकुर ने कहा कि मंगलवार दोपहर को जलोड़ी दर्रा को पूरी तरह से खोल दिया है। संवेदनशील वाले जगहों पर मिट्टी डालकर इस दुरुस्त किया गया। उन्होंने कहा कि हाईवे पर अब बस सेवा भी शुरू हो जाएगी।
दरअसल जलोड़ी दर्रा में 24 फरवरी को हुई ताजा बर्फबारी के बाद से बाह्य सराज का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया था। इस दौरान लोगों को 10 किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ा। जिला मुख्यालय ये चलने वाली कुल्लू-बागासराहन, कुल्लू-जाओं, कुल्लू-रामपुर, कुल्लू-दलाश तथा कुल्लू आनी बस सेवा पूरी तरह से प्रभावित हो गई थी।
जल्द शुरू होंगी एचआरटीसी की सेवाएं
उधर, एचआरटीसी कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि बाह्य सराज के लोगों की सुविधा के लिए निगम की बस सेवाओं को जल्द शुरू किया जाएगा।