कुल्लू। चरस तस्करी के खिलाफ युवा आईपीएस अधिकारी शालिनी अग्निहोत्री की मुहिम लगातार जारी है। पुलिस व नारकोटिक्स अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कसोल के दो होटलों से चरस समेत नशीले पदार्थ पकड़े हैं। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस व नारकोटिक्स विभाग की सख्त कार्रवाई से चरस माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस व नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने कसोल में दबिश दी और होटलों की चेकिंग की। करीब आधा दर्जन से अधिक होटलों में चेकिंग के दौरान दो होटल से चरस समेत अन्य नशे की सामग्री बरामद हुई। रात्रि करीब नौ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि सोमनाथ पुत्र खेम राज निवासी बधाहण तहसील पधर जिला मंडी चरस की खरीद फरोख्त में शामिल है। जिस पर पुलिस ने होटल में छापामारी कर 166 ग्राम चरस बरामद की। जबकि मौके से 1,17,500 रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, बुधवार को ही रात्रि करीब दस बजे एक अन्य गुप्त सूचना पर पुलिस ने एक होटल से गौरव चौधरी निवासी सुल्तानपुर कुल्लू और कसोल निवासी एक महिला के कब्जे से 150 ग्राम चरस, दो ग्राम कोकीन, 20 एलएसडी पेपर बरामद किए। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से कुल्लू पुलिस नशे के सौदागरों पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं और चरस सप्लाई करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पकड़ रही है। इधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि कसोल स्थित दो होटलों में छापामारी के दौरान चरस समेत अन्य नशे की सामग्री बरामद हुई है। दो मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है।