लाहौल की परिक्रमा पर निकलेंगे राजा घेपन
यात्रा को लेकर हारियानों ने तैयार किया देवरथ
अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल के अधिष्ठाता देवता राजा घेपन का रथ घाटी की यात्रा के लिए सजकर तैयार हो गया है। सोमवार को देवता के गुर, पुजारियों और देवलुओं ने देवता राजा घेपन के वास स्थल शाशीन में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ देवरथ को सजाया है। वहीं यात्रा के लिए रोपसंग गांव में देवी बोटी के रथ को देव परंपरा के अनुसार तैयार किया गया है।
इसके अलावा देवता राजा घेपन और देवी बोटी की मां जंगडुल जो घेपन के साथ लाहौल परिक्रमा के लिए निकलेगी, का रथ भी संवारा गया है। इस संबंध मेें देवता राजा घेपन के कारदार राम लाल के अनुसार मंगलवार को राजा घेपन सहित रोपसंग में देवी बोटी से मिलन कर सक्कर के गुञ्चालिंग के लिए रवाना होंगे। इसके दौरान मां जंगडुल भी घेपन की यात्रा में भाग लेगी। घेपन कमेटी के प्रधान पूर्ण चंद ने बताया कि इस साल राजा घेपन जुलाई में गर्मियों के दिनों अपने बड़े भाई देवता जमलु से भी मिलने मलाणा की यात्रा के लिए गए थे लेकिन अब देवता लाहौल परिक्रमा के लिए निकल रहे हैं। उधर, घाटी के लोगों मेें देवता की परिक्रमा को लेकर खुशी का माहौल है।