कुल्लू। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक रविवार को कुल्लू में अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सूद की अध्यक्षता हुई। बैठक में मंच ने निगम प्रबंधक तथा प्रदेश सरकार से मांग की है कि एचआरटीसी पेंशनरों को सभी प्रकार के वित्तीय लाभ व उनको मिलने वाली पेंशन को हर माह की पहली तारीख को दी जाए अन्यथा पेंशनरों को पेंशन के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती हैं।
अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एचआरटीसी पेंशनर सभी जिला मुख्यालयों में सीएम से मिल चुके हैं। बावजूद अभी तक उनकी मांगों का कोई स्थायी हल नहीं निकाला है। एक साल के मेडिकल बिलों का भी भुगतान नहीं हो रहा है। 2015 से 2017 तक का 21 प्रतिशत महंगाई भत्ता, नौ प्रतिशत अंतरिम राहत भी नहीं दी गई है। सितंबर 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अभी तक पेंशन सुविधा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान उनकी तमाम मांगों का प्रावधान नहीं किया गया तो एचआरटीसी पेंशनर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने को विवश हो जाएंगे। निगम के पास बसों की भारी भरकम खरीद को पैसा है, लेकिन पेंशनरों के वित्तीय लाभों को देने के लिए कोई पैसा नहीं है। मंच ने कहा कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आने विस चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर कृष्ण लाल, नारायण दास, जीत राम, गोकल, सुख सागर, प्रेम चंद, ज्ञान चंद, रमेश कुमार तथा तुलसी राम आदि पेंशनर उपस्थित रहे।