अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन स्थल सोलंगनाला में अब देश-विदेश से आने वाले सैलानी फिर से बर्फ के बीच मस्ती कर सकेंगे। प्रशासन ने सैलानियों के लिए सोमवार को सोलंगनाला खोल दिया है। पिछले दिनों बर्फ के कारण नेहरूकुंड में हिमखंड गिरने से सोलंगनाला जाने तक पर्यटकों को रोक दिया गया था। नेहरूकुंड के पास हिमखंड गिरने से बाधित हुए मार्ग को बीआरओ ने बहाल कर दिया है।
पहले दिन सैलानियों ने स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्लैज लाइडिंग, माउंटन बाइक राइडिंग का आनंद लिया। सोलंगनाला में करीब तीन फीट बर्फ है। यह पर्यटन कारोबारियों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। सोलंगनाला पर्यटकों के लिए बहाल होने के बाद सोमवार को पर्यटकों ने सोलंग वैली का रुख किया और बर्फ के बीच खूब मौज मस्ती की। हालांकि घाटी में आसमान बादलों से ढका रहा। मगर सैलानियों को इसकी कोई परवाह न थी। सोलंगनाला में पर्यटकों का हुजूम देख पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। ठंड के बावजूद सैलानियों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। उधर, अलेऊ पुल के पास गत दिनों सड़क पर भारी पत्थर के गिरने से सड़क तंग होने के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग रही है। जाम लगने से लोग समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सोलंगनाला पर्यटन स्थल के बहाल होने से पर्यटन से जुड़े कारोबारियों का भी काम चल पड़ा है। सड़क किनारे बर्फ होने के कारण कुलंग, पलचान व सोलंग में घंटों जाम लगने से पर्यटक सहित आम जनता भी परेशान हुई। डीएसपी मनाली शेर सिंह ने कहा कि सोलंगनाला पर्यटकों के लिए बहाल कर दिया।