अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। किसान सम्मान निधि के तहत रविवार को मोदी सरकार ने लाहौल-स्पीति के 98 किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये ट्रांसफर किए। हालांकि प्रशासन ने जिला के 239 किसानों का डाटा तैयार किया है। लेकिन घाटी में इंटरनेट सुविधा ठप होने के कारण सारे डाटा को समय पर ऑनलाइन नहीं किया जा सका है।
भारी बर्फबारी, बिना बिजली तथा इंटरनेट के किसानों का डाटा ऑनलाइन करना आसान नहीं है। इसके बावजूद विपरीत परिस्थितियों से जूझते हुए प्रशासन ने 98 किसानों का डाटा मुश्किल से ऑनलाइन करने में कामयाबी हासिल की है। एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि हालांकि 239 किसानों का डाटा तैयार किया गया था। लेकिन इंटरनेट सुविधा सुचारु नहीं होने से इन किसानों का डाटा ऑनलाइन नहीं किया जा सका। बताया कि लाहौल के चंद्रा, मयाड़ और तोद वैली अभी तक सड़क मार्ग से कटे हुए हैं। जबकि पिछले कई दिनों से इन इलाकों में बिजली और दूरसंचार सेवाएं बंद है। कहा कि सड़क बहाली के बाद बच्चे हुए पात्र किसानों का डाटा ऑनलाइन किया जाएगा। किसान दोरजे, टशी, नवांग, रोहित, वीरेंद्र और संजय ने कहा कि उनके खाते में केंद्र सरकार की तरफ से किसान सम्मान निधि के तहत राशि आई है।