अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगर में होने वाले विंटर कार्निवाल में इस बार 100 से अधिक महिला मंडल हिस्सा लेंगे। इसके साथ इस बार वंदेमातरम का भी आयोजन किया जाएगा। मालरोड पर पांच हजार से अधिक लोग वंदे मातरम गाएंगे।
कार्निवाल में युवा मंडलों की भागीदारी भी सुनियोजित की जाएगी। कार्निवाल का आकर्षण विंटर क्वीन प्रतियोगिता रहेगी। एसडीएम मनाली और विंटर कार्निवल कमेटी के उपाध्यक्ष रमन घरसंगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विंटर कार्निवल कमेटी का गठन किया गया। इसमें सांस्कृतिक, वित्तीय, खानपान, ठहराव, स्वागत, महिला मंडल, विंटर गेम की सब कमेटियों का गठन किया गया। सभी कमेटियों को अभी से उनके कार्य करने के लिए आदेश दिए गए। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि विंटर कार्निवाल सभी मनालीवासियों का है। मनालीवासी कार्निवाल को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। विंटर कार्निवाल में पहली बार 100 से अधिक महिला मंडल भाग ले रहे हैं। महिला मंडलों की ओर से पहले दिन झांकी निकाली जाएगी। तीन व पांच जनवरी को राइट बैंक तथा लेफ्ट बैंक के महिला मंडल की ओर से मालरोड पर कुल्लवी नाटी डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला, चंडीगढ़, मंडी, मनाली में विंटर क्वीन के ऑडिशन किए जाएंगे। वायस ऑफ कार्निवल, फैशन शो, सहित अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।